प्रतिवर्ष देश के कई हिस्सों में बारिश होने के कारण स्थानीय लोगों को बाढ़ का प्रकोप झेलना पड़ता है। बाढ़ के कारण देश के कई हिस्सों में स्थितियां बहुत ही गंभीर हो जाती है। इस समय भी देश के कई हिस्सों में बारिश अचानक बढ़ जाने से बाढ़ का कहर बरप रहा है। बाढ़ की ऐसी ही तस्वीरें केरल से आ रही है जहां पर लोगों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है।
दरअसल सोशल मीडिया पर केरल का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें हम देख पा रहे होंगे कि एक बड़े पतीले के अंदर दूल्हा-दुल्हन बैठे हुए हैं और सड़क पर कमर तक पानी जमा हुआ है। यह वीडियो केरल के कोट्टीनाड का बताया जा रहा है जहां पर बाढ़ के पानी के वजह से एक शादी में खलल पड़ गई।
जानकारी के अनुसार राहुल और ऐश्वर्या की शादी के दिन ही लगातार बारिश होने के कारण स्थानीय इलाके में बाढ़ आ गई और सड़कें कमर तक पानी से भर गई। जिसके कारण दोनों ही दूल्हा दुल्हन को वैवाहिक स्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कत होने लगी। ऐसे में दोनों दूल्हा दुल्हन को वैवाहिक स्थल तक पहुंचाने के लिए अनोखा तरीका ढूंढ कर निकाला गया।
दूल्हा दुल्हन को खाना बनाने के एक बड़े से बर्तन में बिठाकर बाढ़ के पानी में से नाव की तरह उस बर्तन का उपयोग करते हुए शादी के मंडप तक पहुंचाया गया। दरअसल ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि बाढ़ का पानी सड़कों पर भर जाने के कारण यातायात पूरी तरह से ठप पड़ चुका है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग दोनों दूल्हा दुल्हन को शादी की बधाइयां दे रहे हैं।
बता दें कि इस समय केरल के दक्षिणी क्षेत्र और मध्य क्षेत्र में बाढ़ ने बुरी तरह से जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में बारिश का कहर इतना भयानक जारी है कि अब तक केरल में कुल 26 लोगों की मौत बाढ़ के कारण हो चुकी हैं। यदि अब भी बारिश नहीं रुकी तो आने वाला समय केरल वासियों के लिए और भी गंभीर समस्या लेकर आ सकता है।
